अपनी मेहनत से पाया मुकाम : अल्फाज

बद्दी (सोलन)। मशहूर हिंदी और पंजाबी गायक एवं पंजाबी फिल्म के अभिनेता अल्फाज ने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उस पर अपनी मेहनत से पहुंचे हैं। 14 वर्ष की आयु में गाने लिखने शुरू किए थे। पॉप सिंगर हनी सिंह के साथ उनकी जोड़ी हिट रही है। हिंदी फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस का मशहूर गाना लुंगी डांस भी अल्फाज ने लिखा है। वह अपनी सभी एलबमों के गाने खुद लिखते हैं। जट्ट एयरवेज के दो गाने लिखने के साथ उन्होंने आवाज भी दी है। फिल्म की प्रोमोशन के लिए बद्दी पहुंचे अल्फाज ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में बताया कि गाना लिखने के लिए अलग से मेहनत करने की जरूरत नहीं पड़ती है। चलते-फिरते और सोचते हुए जो शब्द उनके मन में आते हैं, उन्हें वह नोट कर लेते हैं। फिर उन्हें संगीत में ढालने का प्रयास शुरू कर देते है। उनकी अपनी एलबम का हाय मेरा दिल गाना उनका टर्निंग प्वाइंट रहा। वर्तमान में वह पंजाबी फिल्मों के अलावा हिंदी फिल्मों के गाने लिखने के साथ अपनी आवाज भी दे रहे हैं। इनमें जालिम दिल्ली, सन्नी देयोल की सिंह साहिब तथा अक्षय कुमार की बोस फिल्म के गाने शामिल हैं। जट्ट एयरवेज उनकी पहली फिल्म है।

रंगारंग लाइव शो में खूब लगे ठुमके
यंगिस्तान के लिए हटके पंजाबी गीत परोसने वाले अल्फाज के गीतों पर दर्शक खूब थिरके। उन्होंने हाय मेरा दिल, साडी मां नूं पुत नी लबणे तैनूं यार बथेरे और कुड़ी रिक्शे ते जांदी थी, पीछे ला लइयां सी कारां गीत पर लाइव परफार्म कर महफिल में खूब रंग जमाया। मौका था बद्दी में पंजाबी फिल्म जट्ट एयरवेज की प्रोमोशन का। कार्यक्रम में मंच संचालन सचिन बैंसल ने किया। इससे पूर्व पत्रकारों से बातचीत में मुख्य कलाकार अल्फाज ने बताया कि यह फिल्म दो लड़कों की कहानी पर आधारित है, जो सगी बहनों से शादी करना चाहते हैं। फिल्म के डायरेक्टर हरजीत रिक्की हैं। सुमित गोयल और अनिल गर्ग निर्माता हैं। अभिनेत्री ट्यूलिप जोशी ने बताया कि इससे पहले वह दो पंजाबी फिल्में कर चुकी हैं। अन्य कलाकार पद्म भोला, स्मृति और सनसिटी सिनेमा हाल के प्रबंधक आशीष गोगिया, होमलैंड मोल के प्रभारी दीपक, कृष्ण कौशल, शशि कौशल, दीपू पंडित, गौरव कौशल भी मौजूद रहे।

Related posts