
ऊना। ग्राम पंचायत लोअर बसाल में राजीव गांधी अन्न योजना में धांधली किए जाने के आरोप लगे है। ग्रामीणों ने आरोप जड़े हैं कि योजना के तहत पात्र लोगों की बजाए अपात्र लोगों को लाभ दिया गया है। ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने वीरवार को उपायुक्त अभिषेक जैन के माध्यम से प्रदेश सरकार को शिकायत पत्र भेजा है।
स्थानीय लोगों में बलवंत सिंह, दीवान चंद, महेंद्र पाल, चरण दास, सतपाल ने उपायुक्त को सौंपे शिकायत पत्र में कहा है कि राजीव गांधी अन्न योजना में जानबूझ कर पात्र लोगों की अनदेखी की गई है। गरीब व्यक्ति इस योजना के लाभ से वंचित है। जबकि धनाड्य लोगों को इसकी सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना में शामिल किए गए लोगों में पंजाब से लेकर विदेश तक रहने वाले लोग भी शामिल हैं। उन्होंने आरोप जड़ा कि इसमें अपने लोगों को लाभ देने के लिए चयन को भ्रष्ट तरीका अपनाया जा रहा है। ग्रामीणों ने डीसी से मांग की है कि पूरे प्रकरण की जांच की जाए। योजना में शामिल किए गए लोगों के नाम को हटाया जाए। इस षड्यंत्र में शामिल लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जाए।
कोट्
उपायुक्त अभिषेक जैन ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को नियम तोड़ने की छूट नहीं दी जाएगी। इस मामले की जांच कर बाद में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
लोअर बसाल के पंचायत प्रधान सुभाष चंद ने कहा कि योजना में नाम पंचायत प्रतिनिधियों की मरजी से नहीं डाले जाते हैं। जिन लोगों के नाम योजना में शामिल किए गए हैं, उन्हें ग्राम सभा में आम लोगों ने ही चुना है।
