अनुसूचित जाति उपयोजना पर हुआ मंथन

ऊना। अनुसूचित जाति के लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए चलाई जा रही अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत ऊना जिले ने वर्ष 2012-13 के दौरान शत प्रतिशत बजट खर्च करके उपलब्धि हासिल की है। शनिवार को यहां अनुसूचित जाति उप योजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी अभिषेक जैन ने बताया कि वर्ष 2012-13 के लिए ऊना जिले को 26 करोड़ 78 लाख रुपये का बजट प्राप्त हुआ था और विभिन्न विभागों ने इस बजट को शत प्रतिशत खर्च करके निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में सराहनीय योगदान दिया है। इस अवधि में विशेष केंद्रीय सहायता योजना में ऊना जिले को आवंटित 23 लाख 12 हजार रुपये और केंद्रीय प्रायोजित स्कीम में आवंटित 30 हजार रुपये के बजट को भी शत-प्रतिशत व्यय किया गया है।
उन्होंने विभिन्न विभागों को इस उप योजना के तहत कैपिटल वर्क्स का कम से कम पिछले पांच साल का डाटा बेस तैयार करने और उसकी प्रति डीसी कार्यालय में भी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने उप योजना के तहत लंबे समय से लंबित पड़े कार्य तेजी से पूरा करने की भी अधिकारियों को हिदायत दी और कहा कि एक साल से अधिक लंबित कार्य को पूरा न किए जाने पर जवाबदेही तय होगी। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष के एससी सब प्लान में ऊना जिला को जिला पूल का 12.34 करोड़ और विशेष केंद्रीय सहायता के रूप में 53 लाख रुपये का बजट प्राप्त हुआ है, जिसे अनुसूचित जाति के लोगों के सामाजिक, आर्थिक एवं सर्वांगीण विकास पर खर्च किया जाएगा।

Related posts