
गगरेट (ऊना)। हिमाचल प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बलबीर सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह की सरकार की ओर से भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाना संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अनुराग के बढ़ते कद को देखकर बौखला गई है।इसके चलते झूठे केस दर्ज कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन को कंपनी में बदल देना कोई गुनाह या भ्रष्टाचार नहीं है। बलवीर सिंह ने कहा कि इस प्रदेश में राजस्व धारा 118 का उल्लंघन करके प्रियंका गांधी को जमीन मिल सकती है, लेकिन हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन को नहीं। धर्मशाला में जिस जमीन के टुकडे़ को लेकर कांग्रेस सरकार की ओर से कोहराम मचाया जा रहा है, उसी जमीन का किराया इस सरकार ने 14 लाख से बढ़ाकर 28 लाख रुपये किया है। हिमाचल प्रदेश के फल उत्पादकों को लाभ न मिले, उनके उत्पादन को बाजार न मिले, इसी सोच से बाबा रामदेव को किराए पर दी गई जमीन की लीज को कैंसल किया गया था। कांग्रेस सरकार बदला-बदली से चल रही है। इन सब कारणों से जिला ऊना भाजपा ऊना में 19 अगस्त को धरना-प्रदर्शन करेगी। तथा 23 अगस्त को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बाहर प्रदर्शन एवं धरना करेगी।
