अनुमोदित बीज देगा चोखी पैदावार

खराहल (कुल्लू)। अगर आप फसल की अच्छी पैदावार चाहते हैं तो इसके लिए स्वस्थ बीज का चयन जरूरी है। अगर बीज चयन में गड़बड़ हुई तो समझो सालभर की मेहनत पर फिर गया पानी।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि कृषि विभाग और अनुसंधान केंद्रों की ओर से अनुमोदित बीज को ही खेतों में बीजने के लिए प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे उत्पादन भी बेहतर होगा और गुणवत्ता भी उम्दा किस्म की होगी। जिले में हर साल रबी और खरीफ के सीजन में किसानों को बीज कृषि विभाग वितरित करता है। यह तमाम बीज भूमि और जलवायु के अनुकूल ही दिए जाते हैं। कभी-कभी किसान जानकारी के अभाव में उचित किस्म के बीज खरीदने में कोताही बरतते हैं और ऐसे में उन्हें उम्मीदों के तहत बेहतर उत्पादन नहीं मिल पाता है। लिहाजा, किसानों को अनुमोदित और उत्तम किस्म का चयन कर ही इसकी बिजाई करनी चाहिए। किसान मोहर सिंह ,चमन, सतीश ठाकुर, नवीन, सोनू, जोगराज, सुमन, कर्म तथा बलवीर आदि का कहना है कि उन्होंने कृषि महकमे के विक्रय केंद्रों से ही बीज लिया है और समय-समय पर विशेषज्ञों से मशवरा भी लेते रहे हैं। इससे उनकी फसल की पैदावार भी अच्छी हो रही है। कृषि विशेषज्ञ नग्गर खंड के डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि किसानों को पंचायत स्तर पर ही बीज और बीमारी की जानकारी दी जाती है। इसके साथ ही रोग से निपटने के उपाए भी बताए जाते हैं। उधर, कृषि विभाग के उपनिदेशक बीएल शर्मा कहते हैं कि विभाग अच्छी गुणवत्ता और पैदावार को ध्यान में रखते हुए किसानों को विभाग के विक्रय केंद्रों में अनुमोदित और उत्तम बीज ही प्रदान करता है।

Related posts