अनमोल ने गार्ड को मारे थे थप्पड़

नई दिल्ली के साउथ पार्क अपार्टमेंट के गार्डों ने अनमोल सरना की दो बार पिटाई की थी। हिंसक होकर अनमोल अपार्टमेंट में इधर-उधर भाग रहा था।

इस बीच जो भी अनमोल से टकराया, उसने उसे थप्पड़ मार दिया। जब गार्ड वहां पहुंचा तो अनमोल ने उसको भी थप्पड़ मार दिया था। इस पर गार्ड ने उसे लाठी मार दी।

इसके बाद अनमोल गेट नंबर-एक की तरफ भागा, जहां से वह फिर गार्ड की तरफ गया और थप्पड़ मार दिए। इस पर गार्ड सुरेन्द्र बाजी व नरेश मिश्रा ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसमें अनमोल के सिर में डंडे लगे थे।

पुलिस के अनुसार, अनमोल व उसके दोस्त ड्रग्स लेने के बाद अपार्टमेंट के अंदर बने पार्क में घूमने आ गए थे। कुछ देर बाद ये घर में वापस पानी पीने चले गए।

बताया जा रहा है कि एलएसडी ड्रग्स लेने के बाद प्यास बहुत लगती है। पानी पीने के बाद अनमोल बेडरूम में चला गया और ड्रग्स लेने के एक घंटे बाद हिंसक हो गया था।

उसने सबसे पहले प्रनिल के घर में खिड़की का शीशा तोड़ा था। पुलिस ने बताया कि अनमोल को हिंसक होता देख उसके दोस्त अपने-अपने घर चले गए, जबकि प्रनिल के पिता ने घर की कुंडी अंदर से बंद कर ली थी।

दोस्त उसे तीसरी मंजिल से नीचे ले आए थे। दोस्तों के जाने के बाद अनमोल अपार्टमेंट में इधर-उधर भागता रहा। बाद में गेट नंबर एक पर उसका सिर लोहे के गेट से टकराया था।

दक्षिण-पूर्व जिले के उपायुक्त डॉ. पी. करुणाकरन ने बताया कि अब किसी के गिरफ्तार होने की संभावना नहीं है। प्रनिल के पिता मुख्य गवाह हैं, उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाएगा।

Related posts