
पालमपुर (कांगड़ा)। प्रदेश में कई स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं में कम परिणाम आने पर शिक्षा विभाग की ओर से अध्यापकों पर गाज गिराने के फैसले का जिला पदोन्नत स्कूल प्राध्यापक संघ ने कड़ा विरोध किया है। यही नहीं, संघ ने मुख्यमंत्री वीरभद्र से शिक्षा में गुणात्मक सुधार करने के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की है। इसमें अध्यापकों के साथ अभिभावकों को भी बराबर का भागीदार बनाया जाए।
संघ केप्रधान विजय परमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में विरोध जताया गया कि प्रदेश शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में आए कम परिणाम को लेकर अध्यापकों को दोषी ठहराना सही नहीं है। जबकि असलियत में छात्रों को आरटीआई के तहत आठवीं कक्षा तक बिना परिणाम सीसीई के अंतर्गत शत प्रतिशत उत्तीर्ण कर दिया जाता है। परमार ने कहा कि अध्यापकों पर गाज गिराने का संघ कड़ा विरोध करता है। सचिव ध्रुव पटियाल ने कहा कि सभी उपमंडलों के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। इसके चलते जिला स्तरीय चुनाव 26 मई को रावमापा (बाल) नगरोटा बगवां में सुबह 11 बजे होंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में सभी सदस्य बढ़-चढ़कर भाग लें।
इस मौके पर ओमप्रकाश, प्रदीप धीमान, संजय पटियाल, बिहारी लाल, प्रवीण, रविंद्र, अनिल राणा, हंसराज, शांति कुमार, शिव सागर, अशोक शर्मा, रवि राणा, करतार चंद, परवेश, महेंद्र सिंह, जीवन राणा, मनजीत सिंह, रत्नेश्वर, बुद्धि चंद समेत कई लोग मौजूद रहे।
