
भोरंज (हमीरपुर)। भोरंज पंचायत समिति सदस्य ने निजी बस के परिचालक पर सरकारी आदेशों की अवहेलना कर अधिक किराया वसूलने का आरोप लगाया। साथ ही बच्चों के साथ दुर्व्यवहार तथा झगड़ा करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस में एफआईआर भी दर्ज करवाई जाएगी। पंचायत समिति सदस्य लीला देवी ने कहा कि निजी बस स्कूल की छुट्टी के दौरान जाहू से वाया बाहनवी हमीरपुर जाती है। काफी संख्या में स्कूल के छात्र बस में सफर करते हैं। बस परिचालक बच्चों से झंडवीं तक की एक किमी दूरी, लुद्दर (दूरी 2 किमी) और टिक्करी तक की तीन किमी की दूरी का किराया 4 से पांच रुपये वसूल कर रहे हैं। विरोध करने पर झगड़ा शुरू कर देता है। लीला देवी ने कहा कि परिचालक के रवैये से ग्रामीणों में काफी रोष है। प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता है तो ग्रामीणों को स्वयं कोई कदम उठाना पड़ेगा। चेतावनी दी कि परिचालक हरकतों से बाज नहीं आया तो मजबूरन एफआईआर दर्ज करवानी पड़ेगी।
