अदिति का भाषण सबसे बेहतर

नाहन (सिरमौर)। जिला पर्यावरण समिति नाहन की ओर से एसवीएन स्कूल में शनिवार को भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘विकास के नाम पर यदि पर्यावरण सुरक्षा व पर्यावरण संरक्षण की अनदेखी की गई तो विनाश अवश्यंभावी है’ रखा गया। ‘सर्वव्याप्त भ्रष्टाचार की जकड़ में भारत’ तथा ‘भारत में फैली बाल श्रम कुरीति एक सामाजिक अभिशाप’ भी प्रतियोगिता के विषय रहे।
प्रतियोगिता के दौरान डीएवी स्कूल की अदिति भारद्वाज ने बेहतर भाषण प्रस्तुत कर पहला स्थान प्राप्त किया। इसी स्कूल की आयुशी बिंद्रा दूसरे स्थान पर रही। एवीएन स्कूल के राहुल को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। जबकि शमशेर ब्वायज स्कूल के शुभम को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में 12 स्कूलों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल में ऊषा कपूर, कमलेश, निरूपमा जोशी शामिल थे। पूर्व स्कूल प्रधानाचार्य एसवीएन कुंदन सिंह ठाकुर ने अतिथिगणों का स्वागत किया। जिला पर्यावरण समिति के अध्यक्ष डा. सुरेश जोशी ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है। समाजसेवी सत्येंद्र सिंह ठाकुर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
कार्यक्रम में ओंकार जामवाल, एसडी रात्रा, अशोक विक्रम, समीर जैन, एचएन कपूर, पार्षद संजय गोयल, केसी शर्मा आदि मौजूद थे।

Related posts