
रोहड़ू। उकली महेंदली पंचायत के लोगों ने अदानी एग्री फ्रेश में स्थानीय लोगों को रोजगार न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने अदानी के खिलाफ कई मामलों में मोर्चा खोल दिया है। ग्राम पंचायत की बैठक में प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया तथा जिला प्रशासन से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
उकली महेंदली पंचायत के प्रधान रमेश भाऊटा ने बताया कि अदानी के सीए स्टोर में स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 में अदानी प्रबंधन ने स्थानीय लोगों को रोजगार देने का प्राथमिकता के आधार पर आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि अब दूसरे जिलों या बाहरी मजदूरों को रोजगार दिया जा रहा है। अदानी की ओर से पंचायत को एक रुपये प्रति पेटी रायल्टी की अदायगी आश्वासन के बाद सात साल से नहीं की गई है। मामले को पंचायती राज विभाग के अधीन लाया गया है। पंचायत प्रधान ने कहा कि अदानी के स्टोर से खराब व गले सड़े सेब को महेंदली में बस्ती के आसपास खुले में फेंका गया है। सेब के खुले में सड़ने से बदबू और गंदगी फैल रही है। ग्राम पंचायत की बैठक में प्रस्ताव पारित कर सरकार तथा प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की गई है। उन्होने कहा कि 15 अगस्त को विशेष ग्रामसभा में लोगों से चर्चा के बाद इस पर अगला कदम उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उकली महेंदली पंचायत के लोगों ने अदानी को स्टोर बनाने के लिए सात साल पहले भूमि दी है। यदि लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो वे आंदोलन के लिए तैयार हैं।
