
बड़सर (हमीरपुर)। बिझड़ी उपतहसील कार्यालय भवन का निर्माण अढ़ाई सालों से पूरा नहीं हो पाया है। अभी तक सिर्फ पिल्लर और छत का ही निर्माण हुआ है। उसके बाद निर्माण कार्य रुका पड़ा है। बजट है फिर भी निर्माण कार्य पूरा नहीं किया जा रहा है। उपतहसील का कामकाज किराए के भवन में चल रहा है। किराए के भवन में बैठने की उचित व्यवस्था नहीं है। इसलिए यहां कामकाज करवाने आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपतहसील के अंतर्गत ब्लॉक की लगभग 22 ग्राम पंचायतें पड़ती हैं। पूर्व सिंचाई मंत्री रविंद्र सिंह रवि ने 30 जुलाई 2011 को उपतहसील बिझड़ी के भवन का शिलान्यास किया था। भवन निर्माण के लिए एक कनाल दस मरले भूमि मुहैया करवाई गई थी। भवन के लिए 50 लाख के बजट का प्रावधान किया गया था लेकिन शिलान्यास के अढ़ार्र्र्र्ई वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। अभी तक एक ईंट तक नहीं लग पाई है। बजट होने के बावजूद भवन को बनाने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। लोगों राजेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, विजय कुमार, राकेश कुमार सहित अन्य ने प्रशासन से मांग की है कि उपतहसील के भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाया जाए ताकि यहां पर आने वाले लोगों को कोई भी परेशानी न हो।
उपतहसील भवन का छत व पिल्लर के बाद निर्माण कार्य रूका हुआ है। इस बारे उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया है।
-अमर सिंह, नायब तहसीलदार
………………..
उपतहसील बिझड़ी के भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवा दिया जाएगा। ठेकेदार को नोटिस भेज दिया है व उसको काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
-पीसी धीमान, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग
