अठहत्तर रूट फेल, आठ बसें फंसीं

शिमला। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार दूसरे दिन भी बर्फबारी का क्रम जारी रहने की वजह से हिमाचल पथ परिवहन निगम के अठहत्तर रूट फेल हो गए हैं। मुख्य मार्गों के साथ संपर्क मार्ग भी ठप हो जाने के कारण निगम की करीब आठ बसें बर्फबारी में फंस गई हैं। कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर व खिड़की में सड़क बंद हो जाने से समूचा ऊपरी शिमला राजधानी से कट गया है।
कुफरी से आगे राष्ट्रीय राजमार्ग-22 बंद होने के कारण परिवहन निगम के करीब अठहत्तर रूटों पर बसें रवाना नहीं हो पाई हैं। मंगलवार को शिमला से ठियोग की ओर भेजी गई एचआरटीसी बस दोपहर बारह बजे कुफरी से आगे लंबीधार में फंस गई और राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर यातायात बंद हो गया। रिकांगपिओ सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सोमवार रात भारी हिमपात होने के कारण मुख्य व संपर्क सड़कें ठप हो गई हैं। सड़कें बंद होने के कारण परिवहन निगम की आठ बसें बर्फबारी में फंस गई हैं। ठियोग, कोटखाई, रोहड़ूू व चौपाल में बर्फबारी के कारण लोकल रूट बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

रामपुर में ग्यारह रूट फेल, आपरेशन वाया बसंतपुर
बर्फबारी के बाद रामपुर के लिए बसों का आपरेशन वाया मशोबरा बसंतपुर शुरू किया गया है। कुफरी और नारकंडा में सड़क बंद होने के कारण बसें वाया बसंतपुर भेजनी पड़ रही हैं। बर्फबारी के बाद रामपुर में लोकल रूट भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। मंगलवार को रामपुर में ग्यारह लोकल रूटों पर बसें रवाना नहीं हो सकी हैं।

कुफरी से आगे सड़क बंद : अनिल
एचआरटीसी के ट्रैफिक मैनेजर और कंट्रोल रूम इंचार्ज अनिल शर्मा ने बताया कि बर्फबारी के कारण कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर व खिड़की में सड़क बंद होने से बसों की आवाजाही ठप हो गई है। मंगलवार दोपहर बारह बजे कुफरी के पास सड़क बंद हो गई है।

Related posts