
संतोषगढ़ (ऊना)। संतोषगढ़ के समीपवर्ती गांव अजोली में बुधवार को बंद कमरे से युवती का शव बरामद किया गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि युवती तलाकशुदा थी और अपने भाई के साथ यहां रह रही थी। बंद कमरे में लाश की सूचना मिलते ही एएसपी राकेश सिंह, डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा एवं हरोली थाना के प्रभारी महेंद्र सिंह, एसआई रमन चौधरी ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर मामले की तहकीकात आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक युवती एवं उसका भाई पिछले लगभग पांच साल से अजोली में किराए के मकान में रह रहे थे। मकान मालिक निवासी मैलमा पंजाब का कहना है कि लगभग तीन माह पहले युवती का भाई शमशेर सिंह उसके पास किराया देने आया था। उस वक्त उसने बताया कि वह अपनी बहन को दवाई लेने जा रहा है। लेकिन, तीन महीने गुजर जाने के बाद बुधवार को जब कमरे का ताला तोड़ा गया तो कमरे में युवती का सड़ा-गला शव पाया गया। जिसकी जानकारी तुरंत गांव के प्रधान प्रमोद कुमार को दी गई। प्रधान ने मौके पर पहुंच कर इसकी जानकारी संतोषगढ़ पुलिस चौकी को दी गई। संतोषगढ़ पुलिस चौकी के एचसी राजेश शर्मा, नरेश कुमार एवं मूलराज ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू की। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतका की शिनाख्त बेबी पुत्री सुरजीत सिंह उम्र 25 साल निवासी गांव मालावाल जिला गुरदासपुर पंजाब के रूप में हुई है। जिला पुलिस अधीक्षक खुशहाल शर्मा का कहना है कि युवती की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामला हत्या से जुड़ा होने की संभावना के चलते 302 का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी गहराई तक छानबीन की जा रही है।
