
नई दिल्ली। कृष्णा नगर इलाके में हाईटेक बदमाशों ने बैंक अकाउंट हैक कर एक इंजीनियर को 5.78 लाख का चूना लगा दिया। पीड़ित को बैंक से निकाले गए रुपयों का मैसेज न आए इसके लिए बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन भी बंद करवा दिया था। एक साथ हुई ट्रांजेक्शन की वजह से बैंक कर्मियों ने इंजीनियर का अकाउंट फ्रीज कर उन्हें सूचना दी। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पीड़ित की शिकायत पर कृष्णा नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित भूषण कुमार जैन पेशे से इलेक्ट्रानिक इंजीनियर हैं। इनका अपना व्यवसाय है। भूषण के मुताबिक कृष्णा नगर के एक निजी बैंक में उनका खाता है। वे शुरू से ही इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर रहे हैं। गत 17 अगस्त को अचानक भूषण के मोबाइल फोन ने काम करना बंद कर दिया। फोन कंपनी से संपर्क करने पर पता चला कि किसी ने उनके नाम से डुप्लीकेट सिम निकलवाई है, इस वजह से 24 घंटे के लिए नंबर बंद है। भूषण ने फौरन दूसरा सिम अपने नाम से इश्यू करवा लिया। 18 अगस्त को फोन चालू हो गया। लेकिन 19 अगस्त को फोन फिर बंद हो गया।
पता करने पर फिर वही सब पता चला। भूषण ने फोन कंपनी को शिकायत कर दुबारा सिम निकलवाया। इस बीच 20 अगस्त सुबह भूषण के घर के नंबर पर बैंक से फोन आया। बैंक कर्मियों ने बताया कि, उनके खाते से रात को 5.78 लाख रुपये की 11 ट्रांजेक्शन, दिल्ली, तमिलनाडु और कोलकाता में हुई है। संदिग्ध लगते हुए खाते को फ्रीज कर दिया गया। सभी ट्रांजेक्शन इंटरनेट बैंकिंग के जरिये हुई थी। भूषण ने बैंक को बताया कि उसने कोई पैसा नहीं निकलवाया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
