
अंब (ऊना)(विवेक त्रिपाठी) स्थानीय बस अड्डा में स्थित एक जूतों का शोरूम जलकर राख हो गया। आग वीरवार रात्रि लगी। इससे लाखों रुपये की संपत्ति के नष्ट होने का अनुमान है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आग लगने का कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट है। वीरवार रात आग लगने से मची अफरातफरी के बीच लोग घरों से पानी के मटके लेकर शोरूम की ओर दौड़े। अगिभनशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि यदि समय पर अगिभनशमन कर्मी न पहुंचते तो और भी कई दुकानें जलकर राख हो सकती थीं। पुलिस के अनुसार दुकानदार सुरेंद्र धीमान की दुकान में आग लगी थी। एक अन्य दुकानदार जय गोपाल ने पुलिस को बताया कि वीरवार रात्रि करीब ग्यारह बजे मैड़ी जा रहे श्रद्धालुओं ने गोल्डन जनरल स्टोर के अंदर आग की लपटें देखीं। श्रद्धालुओं ने एक दुकान के अंदर सोए दुकानदार को सूचित किया। इसके बाद पुलिस तथा अग्निशमन कार्यालय को भी सूचित किया गया। पंद्रह मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। साथ लगती करीब एक दर्जन दुकानाें को जलने से भी बचा लिया। पीड़ित दुकानदार सुरेंद्र धीमान ने बताया कि तीन मंजिला शोरूम जलकर राख में तबदील हो गया है। शोरूम के साथ-साथ ऊपरी मंजिल में बनाया गया जूतों का गोदाम भी जल चुका है। उक्त घटना से उनका करीब दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। डीएसपी अंब सागर चंद्र ने कहा कि घटना को लेकर मामला दर्ज करके छानबीन शुरु कर दी गई हैै।
शोरूम में लगी आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया। अन्य दुकानों को जलने से बचा लिया गया। तीसरी मंजिल की दीवार को तोड़कर आग को नियंत्रण में किया।
-जोगिंद्र सिंह, अग्निशमन विभाग अधिकारी
