
ऊना। ऊना से तलवाड़ा तक बिछने वाली रेलवे लाइन का काम अंब में खाद्य आपूर्ति विभाग की अनुमति न मिलने के कारण लटक गया है। खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से बनाए गए गोदाम को जाने वाली सड़क के साथ गोदाम की एक दीवार का भी कुछ हिस्सा इस रेल लाइन में बाधक बना है, जो पिछले एक साल से इसे रोके हुए है। खाद्य आपूर्ति विभाग इस मामले में रेलवे को अनुमति नहीं दे रहा है। अब प्रशासन की ओर से खाद्य आपूर्ति विभाग को रेलवे लाइन की जद में आने वाली जमीन की एवज में जमीन देने की तैयारी भी की जा रही है।
लाइन बिछाने के लिए गोदाम और सड़क के दोनों ओर जमीन भी खोद दी गई है। लेकिन जमीन का जो हिस्सा इस समय खाद्य आपूर्ति विभाग के कब्जे में है, उसे लेकर मामला पशोपेश में है। रेलवे के अधिकारी खाद्य आपूर्ति विभाग पर सड़क और गोदाम की दीवार को तोड़ कर लाइन बिछाने की अनुमति के लिए दबाव बना रहे हैं। वहीं, खाद्य आपूर्ति विभाग में कोई भी इस मसले पर खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। इसी के चलते जिला मुख्यालय पर खाद्य आपूर्ति विभाग और रेलवे के बीच राजस्व विभाग की मध्यस्तता से कई बैठकें हो चुकी हैं। लेकिन, मसला पिछले एक साल से लटका पड़ा है। उधर, अंब के तहसीलदार मनोज ठाकुर ने बताया कि खाद्य आपूर्ति विभाग के गोदाम की दीवार और सड़क का कुछ हिस्सा उस जमीन में है, जो रेल लाइन के निर्माण के लिए रेलवे को दी जानी है। विभाग की ओर से उक्त जमीन की एवज में खाद्य आपूर्ति विभाग को दूसरी जमीन देने और उक्त जमीन को रेलवे को ट्रांसफर करने का खाका तैयार किया गया है। जिसे जिला प्रशासन के पास अनुमति के लिए भेजा जा रहा है।
