
अंब (ऊना)। उपमंडल मुख्यालय अंब सहित अन्य कई इलाकों में पंजाब से सप्लाई होने वाले खुले दूध में मिलावट से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। लोगाें का कहना है कि वे दूध को उबालने के बाद इससे निकलने वाली मलाई को इकट्ठा कर रहे हैं। घी बनाने के मकसद से जब मलाई को उबाला जाता है तो वह घी बनने की बजाय रबड़ जैसा बन रहा है। अंब निवासी महिलाओं में सुषमा, दर्शना देवी, मनीषा कुमारी, सुदर्शना देवी, कमला देवी, रोशनी देवी, कविता शर्मा, सरोज कुमारी, नयना देवी व वीना देवी सहित स्थानीय लोगों में अशोक कुमार, एनके शर्मा, राजेंद्र, कपिल, साहिल, रविंद्र शर्मा व जितेंद्र कुमार का कहना है कि अंब क्षेत्र में सप्लाई हो रहे दूध में मिलावट हो सकती है। उक्त महिलाओं ने बताया कि इस दूध से निकलने वाली मलाई घंटों तक उबालने के बाबजूद घी में परिवर्तित नहीं हो रही है। सामान्य तौर पर ग्रामीण इलाकों से मंगवाए जाने वाले दूध में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी डा. एसके वर्मा ने कहा कि कुछ लोगाें ने उन्हें भी इस संदर्भ में सूचना दी है। डा. वर्मा ने कहा कि इस दूध के विभिन्न क्षेत्रों से सैंपल भरवा कर जांच के लिए कंडाघाट लैब को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि आम लोगाें के स्वास्थ्य से खिलवाड़ को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जल्द ही स्वास्थ्य विभाग इस संदर्भ में कार्रवाई करेगा।
