अंब में आग से 30 झुग्गियां राख

अंब (ऊना)। अंब-ऊना मुख्य मार्ग पर पड़ते सोनालिका उद्योग के समीप वीरवार को भीषण अग्निकांड में बाहरी मजदूरों की 30 झुग्गियां राख हो गईं। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के वक्त सभी मजदूर काम पर गए हुए थे। दमकल विभाग के कर्मियों ने मौके पहुंचकर आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि प्रवासी बच्चों की ओर से जलाई गई आग की चिंगारी पड़ने से घटना हुई है।
जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर बाद अचानक प्रवासी मजदूरों की झुग्गियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने प्रचंड रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देख क्षेत्र वासियों में हड़कंप मच गया। आगजनी में प्रवासी मजदूरों के कपड़े, बर्तन, गहने, नगदी सहित लगभग आठ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। दमकल कर्मियों के मौके पहुंचने तक मजदूरों की झुग्गियां राख के ढेर में तबदील हो चुकी थीं। उपमंडलाधिकारी सुखदेव सिंह एवं तहसीलदार मनोज ठाकुर ने मौके पर पहुंच राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि झुग्गी में रह रहे एक ठेकेदार शिवचरण ने ट्राला गाड़ी खरीदने के लिए अपनी झुग्गी में डेढ़ लाख रुपये रखे थे। लेकिन आग में उसके सपने भी जलकर राख हो गए।
उपमंडलाधिकरी सुखदेव सिंह ने बताया कि झुग्गियों में आग की घटना दुखद है। उनकी पूरी कोशिश रहेगी कि उन्हें आवश्यक मदद तुरंत उपलब्ध करवाई जाए। उधर अंब के डीएसपी मदन कौशल ने बताया कि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Related posts