अंब बाजार में दिन दहाड़े ठगी

अंब (ऊना)। स्थानीय बाजार में दिन दहाड़े कुछ युवकों ने बातों में उलझा कर एक दुकानदार से 20 हजार रुपये ठग लिए। उक्त अज्ञात शातिर दुकानदार को काली मिर्च बेचने के चक्कर में गेहूं दे गए और उससे 20 हजार रुपये ले उड़े। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है, जबकि इस घटना से समूचे बाजार में सनसनी फैल गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अंब बाजार मेें करियाने की दुकान करने वाले पंकज सूद की दुकान पर कुछ युवक कार में आए। पहले तो उन्हाेंने यहां वहां की बातें कीं। उसके बाद उन्हाेंने अपने पास काली मिर्च होने की बात कही एवं उसका रेट पच्चीस हजार बताया। मोल-भाव करने पर युवकों ने आखिरकार 20 हजार में बात तय की एवं कार से बोरी उतारकर उसे दिखाई। उस वक्त पंकज सूद ने लालच में आकर बोरी को बिना खोले उन्हें 20 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी युवक वहां से तुरंत चले गए। पंकज के अनुसार युवकों के पहनावे से ऐसा लग रहा था कि वे किसी व्यापारी घराने से हैं। उधर, कुछ समय बाद जब पंकज ने बोरी खोली तो उसके ऊपर के हिस्से में काली मिर्च थी जबकि पूरी बोरी गेहूं से भरी हुई थी। उसके बाद उसने इसकी सूचना अंब थाने में दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अंब थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। युवकों के बताए गए विवरण के मुताबिक कार एवं युवकों की सूचना बैरियरों एवं नाकों पर दे दी गई थी, लेकिन अभी तक उक्त कार का कोई पता नहीं चल पाया है। आरोपियों की तलाश जारी है।

Related posts