
मैड़ी (ऊना)। अंब के दो लोगों की कर्नाटक के कुक्कीपल्ली में वाहन की टक्कर से मौत हो गई। इससेे उनके घरों में मातम छा गया है। क्षेत्र के बडूही निवासी ट्रक के मालिक सुरेंद्र कुमार पुत्र विद्या राम तथा ट्रक चालक अमृत लाल पुत्र बिहारी लाल निवासी हंबोली सेब सीजन के तहत रोहड़ू से बंगलूरू के लिए सेब की खेप लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। 22 अगस्त की सुबह लगभग चार बजे हुए एक सड़क हादसे में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कर्नाटक के थाना मुरिरा के तहत कुक्कीपल्ली में जब वे अपने ट्रक का टायर बदल रहे थे तो उसी दौरान एक अन्य वाहन ने उन्हें रौंद दिया। आत्मा प्रोजेक्ट के चेयरमैन स्वर्ण सिंह ढिल्लों ने बताया कि वे दोनाें रोहड़ू से बंगलूरू के लिए सेब लेकर जा रहे थे। दोनों अपने पीछे दो-दो बच्चों को बिलखता छोड़ गए हैं। रविवार को एक एंबुलेंस के माध्यम से दोनों के शव उनके घरों में पहुंचे तो सारा क्षेत्र शोक में डूब गया। बताया जा रहा है कि मृतक अमृतलाल एक गरीब परिवार से संबंध रखता है। उधर, दोनों व्यक्तियों की मौत पर शिवालिक ट्रक आपरेटर यूनियन अंब के चेयरमैन ठाकुर मस्तान सिंह, यूनियन प्रधान के प्रधान रमन कुमार, ट्रांसपोर्टर रजनीश विक्का, उपाध्यक्ष सिकंदर हयात, गुरदेव सिंह, सुनील कुमार, बलविंदर बिंबो सहित अन्य यूनियन पदाधिकारियों तथा सदस्यों ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है
