
अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के कलरूही में रविवार को अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसके पास से ऐसी कोई वस्तु बरामद नहीं हुई है, जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त हो सके। हालांकि एक स्थानीय दुकानदार के अनुसार वह करीब 15 दिनों से यहीं पर रुका हुआ था और उसकी टांग पर गहरा घाव था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया है। जबकि मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रविवार को अंब पुलिस को कलरूही पुल के समीप शव पड़ा होने की सूचना मिली। पुलिस की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कर शव कब्जे में ले लिया। व्यक्ति ने सलेटी रंग की कमीज एवं नीले रंग की शार्ट पेंट पहन रखी है। उसकी टांग पर गहरा जख्म था, जिसमें कीड़े पड़े हुए थे। उधर कलरूही गांव के एक स्थानीय दुकानदार हंसराज का कहना है कि व्यक्ति करीब पंद्रह दिन पहले ही यहां आया था। उसकी भाषा समझ में न आने के चलते वह उससे ज्यादा बातचीत नहीं करता था। जब कभी मौसम खराब होता तो वह अपने शरीर को घसीटता हुआ बारिश से बचने के लिए उसकी दुकान में आ जाता और बारिश बंद होने पर स्वयं ही वहां से चला जाता था। उधर, डीएसपी सागर चंद्र का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
