
अंब (ऊना)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंब में मरीजों को अब महंगे टेस्ट नहीं करवाने पड़ेंगे। अस्पताल प्रशासन ने अस्पताल परिसर में बायो केमिस्ट्री लैब स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस लैब में आउटसोर्सिंग के माध्यम से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। अस्पताल में अन्य टेस्ट पुरानी दरों पर ही होंगे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंब की रोगी कल्याण समिति का मंगलवार को वर्ष 2014-15 का करीब 32 लाख 49 हजार रुपये का बजट पारित कर दिया गया।
मंगलवार को अंब में आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक में वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक कुलदीप कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। रोगी कल्याण समिति की बैठक में अंब अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के चार्ज न बढ़ाने का फैसला लिया है। हालांकि अब एंबुलेंस सुविधा के लिए 8 रुपये प्रति किलोमीटर के स्थान पर अब दस रुपये प्रति किलोमीटर की दर से अदायगी करनी पडे़गी। रोगी कल्याण समिति के बजट का बड़ा हिस्सा आरकेएस के माध्यम से रखे स्टाफ के वेतन पर खर्च किया जाएगा। आरकेएस के माध्यम से रखे गए स्टाफ की वेतन अदायगी के लिए दस लाख रुपये का प्रावधान रखा गया है। यूजर चार्जिज से माध्यम से आरकेएस को करीब 19 लाख रुपये की आय होगी। आरकेएस के माध्यम से चालू वित्त वर्ष में अस्पताल परिसर में जेनरेटर स्थापित किया जाएगा। अंब अस्पताल में अब मरीजों व उनके तीमारदारों को खाने-पीने की वस्तुएं लेने के लिए बाजार का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि आरकेएस के माध्यम से अस्पताल परिसर में एक कैंटीन भी स्थापित की जाएगी। आउटडोर पेशेंट के लिए मरीजों के प्रतीक्षालयों में एलईडी भी लगाई जाएंगी और सर्दी के मौसम में गर्म पानी के लिए सोलर गीजर भी स्थापित किए जाएंगे।
बैठक में आरकेएस के चेयरमैन एसडीएम अशोक चौहान, आरकेएस की सदस्य सचिव ऊषा दरोच, बीएमओ प्रवीण चौधरी, राजेश गौतम, डा. रविंद्र कुमार सहित आरकेएस के तमाम सदस्य मौजूद थे।
