अंबोया स्कूल के नए भवन को 36 लाख मंजूर

पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा विधानसभा क्षेत्र के आंजभोज की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंबोया के लिए 36 लाख बजट मंजूर हो गया है। आरएमएसए योजना के तहत नए भवन का का निर्माण होगा जिससे स्कूली बच्चों को बेहतर कक्षा रूम समेत सुविधा मिलेगी।
गिरिपार की ग्राम पंचायत अंबोया की प्रधान सत्या देवी, वरुण शर्मा, अखिल शर्मा एवं रणजीत पुंडीर ने कहा कि आसपास के करीब एक दर्जन से अधिक छोटे बढ़े गांव से करीब 650 बच्चे शिक्षा ग्रहण करने पहुंच रहे हैं। दशकों पुराना एक जर्जर कमरा गिरने के कगार पर है। इसलिए क्षेत्र के ग्रामीण, स्कूल प्रबंधन कमेटी एवं स्टाफ दिक्कतें दूर करने को नए स्कूल भवन निर्माण योजना की मांग उठाती रही हैं। अब योजना मंजूर होने से सुविधा मिल सकेगी।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अनिल वर्मा ने कहा कि रावमा पाठशाला अंबोया योजना को बजट प्रावधान हो गया है। अंबोया स्कूल की योजना में 4 नए कक्षा रुम, लाइब्रेरी, साइंस लैब, आर्ट्स एंड क्राफ्ट, कल्चरल रूम तथा शौचालय बन कर तैयार हो सकेंगे।
उधर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंबोया के प्रधानाचार्य गोरखनाथ चौधरी एवं अमर सिंह ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (आरएमएसए) योजना में करीब 36 लाख बजट मंजूरी का पत्र मिल गया है। नई योजना बनने पर स्कूली बच्चों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
बाक्स…
बेहतर शैक्षणिक माहौल का प्रयास : किरनेश जंग
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक किरनेश जंग ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में बेहतर माहौल बनाया जाएगा। शिक्षा ग्रहण करने वाले ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिले इसका प्रयास किया जा रहा है जिससे दूर दराज ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षार्थी प्रतिस्पर्धा में पीछे न रहे। युवाओं को उच्च शिक्षा ग्रहण कर जीवन में आगे बढ़ने एवं रोजगार प्राप्त करने में सुविधा मिल सकें। क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में बेहतर सुविधाएं प्रदान करने को प्रयास किया जा रहा है।

Related posts