
गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के अंबोटा में चोरी की वारदातों से दहशत का माहौल है। बुधवार रात्रि लगभग नौ बजे डीएवी स्कूल के पीछे रंजीत सिंह के घर के पास कुछ अज्ञात लोगों की आहट हुई। जब वह घर से बाहर निकले तो वे भाग निकले। तभी वहां चोर-चोर का शोर होने लगा। शोर सुनकर डीएवी स्कूल के चौकीदार ने स्कूल का हूटर बजा कर सबको एलर्ट कर दिया। इसके बाद पूरे गांव के लगभग 400 लोग घराें के बाहर निकल आए। तभी गांव के जगदीश कुमार टार्च हाथ में लेकर मक्की के खेतों की ओर गए तो वहां दो तीन लोग उन्हें धक्का मार कर मक्की की फसल का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए। बताया जा रहा है कि अज्ञात चोराे ने लांग शूज पहन रखे थे तथा वे छह-छह फुट लंबे कद काठी के बताए जा रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों अंबोटा में बालियां छीनने की वारदात करने वालों का हुलिया भी यही बताया जा रहा है। गांव के प्रधान सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि बुधवार रात अंबोटा में चोराे की दहशत से रात लगभग दो-तीन बजे तक गांव वासी पहरा देते रहे, लेकिन खबर फैलते ही अंबोटा सहित पड़ोसी गांवों के लोग भी रात भर चौकन्ने रहे। रात को पुलिस ने भी गांव में जाकर तफ्तीश की। गगरेट थाना प्रभारी विश्वास वालिया ने बताया कि रात को अंबोटा में चोराे का शोर हुआ था, लेकिन कोई व्यक्ति पकड़ा नहीं गया है। स्थानीय लोगों को रात के समय चौकन्ने रहने की सलाह दी गई है।
