
नौहराधार (सिरमौर)। शनिवार को क्षेत्र में आए तेज तूफान से सेब की लहलहाती फसल को भारी नुकसान हुआ है। नौहराधार के विभिन्न इलाकों में लगभग 80 फीसदी सेब की फसल को नुकसान पहुंचा है। दो मिनट तक चले इस तूफान ने सेब के छोटे पौधों को जमींदोज कर दिया है। शनिवार को आए तूफान ने बागवानों की उम्मीद पर पानी फेर दिया है। बागवान इंद्रपाल, सतीश शर्मा, राजेंद्र सिंह, उजागर सिंह, सुरेश, योगराज, संतन सिंह, मोहनलाल और संत राम चौहान ने बताया कि उनके बागानों में सेब के पौधों को भारी क्षति पहुंची है। तीन दिन पूर्व ही वे पौधों में खुशी-खुशी विभिन्न दवाइयों का छिड़काव कर रहे थे। मगर तेज तूफान ने बागवानों और किसानों को मायूस कर दिया है।
बागवानी मिशन के तहत वर्ष 2005 से लेकर करीब 25 हजार नए पौधे बागवानों ने इस क्षेत्र में लगाए हैं। इनमें से हाल ही में 170 बागवानों ने नए सेब के पौधे लगाए थे। मगर अब इन्हीं पौधों में से 80 फीसदी पौधे शनिवार का आए अंधड़ और तूफान के कारण पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अचानक आई इस विपदा से किसान बेहद दुखी हैं। उधर, नौहराधार उद्यान विभाग के उद्यान प्रसार अधिकारी चंद्रसेन शर्मा ने बताया कि अंधड़ के कारण दर्जनों पेड़ों को नुकसान पहुंचा है। किसान हौसला रखे और बचे पौधों को समय पर खाद तथा स्प्रे देकर सुरक्षा प्रदान करें।
