अंदौरा में स्कूटर चुराते दो लोग धरे

अंब (ऊना)। क्षेत्र के अपर अंदौरा में दो लोगों ने एक कारोबारी का स्कूटर चुरा लिया। हालांकि बाद में स्कूटर को पास की झाड़ियों में छुपाते समय दोनों आरोपी धर लिए गए हैं। पुलिस ने दोनाें के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोक कुमार पुत्र करतार चंद निवासी लोअर अंदौरा तहसील अंब ऊना-अंब रोड पर दुकान चलाते हैं। सोमवार देर सायं वह अपने स्कूटर नंबर एचपी 19ए 0366 बजाज चेतक को दुकान के बाहर खड़ा करके दुकान के अंदर चले गए। इसी दौरान जब वह 10 मिनट के बाद बाहर आए तो देखा कि उनका स्कूटर किसी ने चुरा लिया था।
उन्होंने दुकान के नजदीक झाड़ियों में देखा कि प्रवीण कुमार पुत्र रोशन लाल निवासी कुठेड़ा खैरला थाना अंब एवं लखबीर सिंह पुत्र सेवक सिंह निवासी सरविंद तहसील भट्टी थाना भिखीविंड जिला तरनतारन पंजाब उनके स्कूटर को झाड़ियों में छुपा रहे थे। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर लोगों को एकत्रित कर लिया और दोनों आरोपियों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। एसपी अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 379 और 34 के तहत केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Related posts