
कुल्लू। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कुल्लू दशहरा उत्सव इस साल 14 से 20 अक्तूबर तक मनाया जाएगा। यह जानकारी सोमवार को बचत भवन में दशहरा उत्सव समिति प्रबंधनों को लेकर आयोजित दशहरा उत्सव समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय सिंह ठाकुर ने दी।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव को अधिक आकर्षक बनाने के लिए विदेशों से सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया है। आम जनता को हिमाचली और भारतीय संस्कृति के साथ विदेशी संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिलेगा। दशहरे के दौरान व्यापारियों, गोल-गप्पे और गुब्बारे वालों तथा अन्य घुमंतू विक्रेताओं को पहचानपत्र बनाना अनिवार्य रहेगा। पहचानपत्र बनाने के लिए अलग से सौ रुपये फीस भी ली जाएगी। मेले के दौरान प्लाट आवंटन प्रक्रिया में पूर्ण रूप से पारदर्शिता अपनाई जाएगी। प्लाट आवंटन प्रक्रिया आठ अक्तूबर से शुरू होगी। आवंटित प्लाट का इस्तेमाल 15 दिन तक किया जा सकता है। किसी भी व्यक्ति को दो से अधिक प्लाट आवंटित नहीं होंगे। दो वर्ष से लगातार एक ही स्थान पर प्लाट खरीदने वाले व्यापारियों को इस बार आवंटन में प्राथमिकता दी जाएगी।
दशहरा उत्सव के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पधारने वाले देवी-देवताओं को बेहतर सुविधा प्रदान करने और प्रोत्साहन देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। बैठक में विशेष रूप से शिरकत करते हुए विधायक महेश्वर सिंह ने कहा कि देव संस्कृति से जुड़े लोगों को सुनिश्चित करना चाहिए कि प्राचीन देव परंपरा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि मेले को सफल बनाने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष हरि चंद शर्मा, नप उपाध्यक्ष मनु शर्मा, कारदार संघ के पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
