अंडर-19 की खेल प्रतियोगिता में पहुंचे 10 स्कूल

होली (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला होली में अंडर-19 की जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हो गई है। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में एसडीएम भरमौर डा. जितेंद्र कंवर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इसके अलावा भरमौर स्कूल के प्रधानाचार्य प्यार चंद चाढ़क और टीएसी सदस्य शुभकरण, होली के पंचायत प्रधान रवि जुलकान और होली स्कूल के प्रधानाचार्य विनोद कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। जोनल स्तर की इस प्रतियोगिता ने अधिकतर स्कूलों ने रुचि नहीं दिखाई है। प्रतियोगिता में 40 में से सिर्फ 10 स्कूलों के छात्र ही हिस्सा ले रहे हैं। स्कूल के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी खो-खो, बैंडमिटन, वॉलीबाल, कुश्ती और विभिन्न प्रकार की दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में भरमौर जोन के 40 स्कूलों ने हिस्सा लेना था, लेकिन इसमें से केवल दस स्कूल ही प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। एसडीएम जितेंद्र कंवर ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में जिन स्कूलों ने हिस्सा नहीं लिया है। उन स्कूलों के मुखियाओं से जवाब-तलब किया जाएगा।

Related posts