हिमानी चामुंडा रोपवे का निर्माण अगले माह से

धर्मशाला। शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में मुख्य पर्यटन स्थलों पर रोपवे और स्वचालित सीढ़ियों (एस्केलेटर) का निर्माण किया जाएगा, जिससे पर्यटन उद्योग को बड़े पैमाने पर विकसित किया जा सके। वह शनिवार को कोतवाली बाजार धर्मशाला स्थित सामुदायिक भवन में स्वर्ण जयंती शहरी स्वरोजगार योजना के अंतर्गत निर्धन एवं पात्र महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित करने के उपरांत एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला तथा मकलोडगंज में दो पार्किंग का निर्माण, चामुंडा से हिमानी चामुंडा रोपवे का निर्माण कार्य हिमाचल प्रदेश राज्य सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम को सौंपा गया है। इनका निर्माण कार्य आगामी माह से आरंभ कर दिया जाएगा तथा डेढ़ वर्ष के भीतर निर्माणकार्य पूर्ण का लक्ष्य रखा गया है। जबकि धर्मशाला से मकलोडगंज तक रोपवे का प्रस्तावित निर्माण कार्य भी निगम के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने धर्मशाला नगर परिषद क्षेत्र में पार्क, स्ट्रीट लाइट, चहारदीवारी इत्यादि कार्यों के लिए 40 लाख स्वीकृत किए हैं। प्रथम चरण में 25 लाख जारी कर दिए गए हैं। कचहरी में दो करोड़ से पार्किंग स्थल का निर्माण करना प्रस्तावित है। स्थानीय जनता की सहमति के उपरांत ही धर्मशाला-खनियारा सड़क मार्ग को वन-वे किया जाएगा। उन्होंने नगर परिषद को डपिंग वाहन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह विकास योजनाओं को तैयार करते समय 20 वर्षों की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर बनाएं। उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और समारोह में 22 पात्र महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित कीं।
समारोह में नगर परिषद उपाध्यक्ष ओंकार नैहरिया, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता दिग्विजय पुरी, एसडीएम डा. हरीश गज्जू, पार्षद रणधीर सेखड़ी, कांग्रेस नेता बलराम परिहार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा शहर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related posts