हिमाचल में 10 की मौत, सांगला में फंसे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह !

हिमाचल में 10 की मौत, सांगला में फंसे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह !

शिमला: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर में भारी बारिश से काफी तबाही हुई है जहां 10 लोगों के भूस्खलन में मरने की आशंका है वहीं कई महत्वपूर्ण सड़के अवरूद्ध हो गई हैं और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सांगला घाटी में फंस गए हैं। अधिकारियों ने आज कहा कि विभिन्न स्थानों पर करीब एक हजार पर्यटक और स्थानीय लोग फंस गए हैं जिसमें अकेले सांगला में 800 लोग शामिल हैं।

भारी बारिश की वजह से राहत और बचाव कार्य में बाधा आ रही है। हिंदुस्तान-तिब्बत राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगहों पर भूस्खलन से तापरी से आगे के कई इलाके कट गए हैं। मंडी लोकसभा सीट के लिये हो रहे उपचुनाव में प्रचार कर रहे मुख्यमंत्री बीती रात किन्नौर जिले के सांगला घाटी में फंस गए।

अधिकारियों ने कहा कि भूस्खलन की वजह से इस क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़कें बाधित हो गई और सिंह को हेलीकाप्टर से निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। उपायुक्त जे एम पठानिया ने आज कहा, ‘‘सांगला घाटी को जोडऩे वाली सड़क और अन्य बड़ी सड़कों को फिर से खोलने के लिए कार्य जारी है ताकि जिले के विभिन्न इलाकों में फंसे एक हजार पर्यटकों को निकाला जा सके। इनमें से ज्यादातर पर्यटक सांगला इलाके में फंसे हैं।’’

Related posts