सरकार जिसे मान्यता देगी, उसका साथ देंगे

रामपुर बुशहर। यहां के कर्मचारियों ने गुटबाजी में न पड़ते हुए ऐसे संगठन को समर्थन देने का ऐलान किया है जिससे सरकार मान्यता देगी। शुक्रवार शाम को रामपुर में हुई अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की रामपुर इकाई की बैठक में कर्मचारियों ने वीरभद्र पर भरोसा जताया और कहा कि वे सरकार के साथ ही चलेंगे। रामपुर इकाई के अध्यक्ष जेडी मेहता ने कहा कि प्रदेश में मौजूदा समय में दो कर्मचारी महासंघ हैं। दोनों ही संगठन अपने आप को सर्वोच्च साबित करने में लगे हैं। मगर रामपुर के कर्मचारी केवल उसके साथ चलेंगे जिसको प्रदेश सरकार मान्यता देगी। महासंघ के प्रेस सचिव राजीव बदरेल ने बताया कि बैठक में सभी कर्मचारियों ने कांग्रेस की सरकार बनने पर खुशी जताई और वीरभद्र सिंह के प्रति आस्था जताई। कर्मचारियों ने छठी बार मुख्यमंत्री बनने पर वीरभद्र सिंह को बधाई भी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को कर्मचारियों ने विधायक नंदलाल का रामपुर पहुंचने पर स्वागत किया और महासंघ की ओर से यथासंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कर्मचारियों ने दूसरी बार विधायक बनने पर उन्हें बधाई भी दी। बैठक में रामपुर इकाई महासचिव मनोज वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भीमसेन ठाकुर, गंगाराम, ऋषि, दौलतराम, लालचंद बिष्ट, केवल राम, मोहन लाल, हरि सिंह, रेखा, जीतराम, सत्य प्रकाश, बक्शीराम, दुर्गा सिंह आदि मौजूद थे।
उधर, जन प्रतिनिधियों और कांग्रेसियों ने भी शनिवार को रामपुर पहुंचने पर विधायक नंदलाल का स्वागत किया। बैहरा खड्ड से लेकर रामपुर तक उनका जगह-जगह स्वागत किया गया। निरसू में पंचायत समिति उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, नोगली में कृष्ण गोपाल भारद्वाज, गोपाल नेगी समेत अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया।

Related posts