सब्जी मंडी में बनेगा बहुमंजिला कांप्लेक्स

शिमला। राजधानी के सब्जी मंडी मैदान और सूजी लाइन में बहुमंजिला शापिंग कांप्लेक्स बनाया जाएगा। सामुदायिक भवन, पार्किंग, दुकानों, कार्यालय और आवासीय कालोनी का निर्माण करने को लेकर डीपीआर बनाने में नगर निगम जुट गया है। करोड़ों की लागत से बनाए जाने वाले इस प्रोजेक्ट को नगर निगम बीओटी (बील्ट एंड आपरेट) पर देने का विचार कर रहा है। आगामी माह तक कंसलटेंट बुलाए जाएंगे।
शहर की प्राइम लोकेशन पर स्थित सब्जी मंडी मैदान अभी उपेक्षा का शिकार हो रहा है। मैदान नगर निगम की गाड़ियों को खड़े करने या जलसा करने तक ही सीमित रह गया है। शहर के आम नागरिक के लिहाज से यह मैदान किसी काम का नहीं है। ऐसे में उपेक्षित सब्जी मंडी मैदान और जीर्णोद्धार की आस में बैठी निगम की आवासीय कालोनी का कायाकल्प करने के लिए यहां बहुमंजिला शापिंग कांप्लेक्स बनाने का फैसला लिया गया है। शापिंग कांप्लेक्स पांच से छह मंजिल बनाने की योजना है। दस हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में इसका निर्माण किया जाना है। बहुमंजिला भवन में विवाह समारोह के लिए बेंक्यूट हॉल, दुकानें, पार्किंग और आफिस बनाने की योजना है। यहां पर सोलर लाइट लगाई जाएगी। क्षेत्र को हरा-भरा रखने के लिए भी काम किया जाएगा।

उप महापौर ने किया मौके का निरीक्षण
सोमवार को उपमहापौर टिकेंद्र पंवर की अगुवाई में निगम के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। उप महापौर ने बताया कि यह प्रोजेक्ट पार्किंग और शापिंग कांप्लेक्स के नजरिये से शहरवासियों के लिए बहुत लाभदायक सिद्ध होगा। सब्जी मंडी से प्राइम लोकेशन आज शहर में कहीं पर भी नहीं है। निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित निर्माण का खाका तैयार किया गया है। काम बड़ा है इसलिए इसे बीओटी पर देने का विचार है। इस अवसर पर सहायक आयुक्त नरेश ठाकुर, निगम अभियंता विजय गुप्ता, सहायक अभियंता राजेश कश्यप, एपी राजीव शर्मा, अधिशासी अभियंता बीएंडआर एचके गुप्ता मौजूद रहे।

45 परिवारों को मिलेंगे नए घर
प्रोजेक्ट के तहत सूजी लाइन में बने नगर निगम के 45 आवासीय मकानों, निगम दफ्तर, वर्कशाप और स्टोर को हटाकर नए सिरे से बनाया जाना प्रस्तावित है। मैदान से सटे सूजी लाइन में बनाई गई नगर निगम की आवासीय कालोनी जर्जर हो गई है। यहां स्थित निगम की जल शाखा का दफ्तर, वर्कशाप और स्टोर भी दयनीय हालत से गुजर रहे हैं। यहां रहना खतरे से खाली नहीं है।

Related posts