सड़क हादसों में 65 लोगों ने गंवाई जान

रिकांगपिओ (किन्नौर)। गुजरते साल में किन्नौर जिले में 41 सड़क हादसे हुए। इनमें 65 लोगों ने अपनी जान गंवाई। 76 लोग जख्मी हुए। पिछले साल के मुकाबले इस बार सड़क हादसों में कमी आई है पर मरने वालों की संख्या काफी अधिक रही। पिछले साल 42 सड़क हादसे हुए थे। इनमें 55 की मौत और 43 लोग जख्मी हुए थे। एसपी वीना भारती ने बताया कि इस बार जिले में दो बड़े हादसे हुए। मरने वालों की संख्या बढ़ी है।
इस बार मर्डर का कोई केस दर्ज नहीं हुआ। पिछले साल मर्डर का एक मामला प्रकाश में आया था। दुराचार के मामले बराबर रहे। पिछले साल दुराचार के छह मामले प्रकाश में आए। इस बार भी इतने की मामले दर्ज हुए। पिछले साल दहेज प्रथा का एक मामला दर्ज हुआ था, परंतु इस बार कोई मामला प्रकाश में नहीं आया।
महिला उत्पीड़न के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। इस बार महिला उत्पीड़न के चार मामले प्रकाश में आए हैं। पिछले साल सिर्फ एक ही मामला प्रकाश में आया था। घरेलू हिंसा के मामले भी बढ़े हैं। इस बार घरेलू हिंसा के 54 मामले जिले के विभिन्न थानों में दर्ज हुए। पिछले साल इनकी संख्या 40 थी।
एसपी ने बताया कि पुलिस सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रयासरत है। इसी के मद्देनजर पुलिस नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसती रही है। इस बार पुलिस ने ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने पर 5695 चालान काटे हैं। चालकों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक किया गया।

Related posts