
अंब (ऊना)। मैड़ी रोड पर तेज रफ्तार कार ने स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक दंपति सहित चार वर्षीय बच्ची बुरी तरह से घायल हो गई। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार पुत्र दिलीप सिंह निवासी मुकेरियां अपने स्कूटर नंबर पीबी-02 के-2850 पर अपनी पत्नी एवं बच्ची के साथ मैड़ी गुरुद्वारे में माथा टेकने जा रहे थे। रास्ते में मैड़ी की तरफ से आ रही कार ने इन्हें टक्कर मार दी। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की मदद से उन्हें खंड चिकित्सालय अंब ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया। अंब थाना ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर, अंब-ऊना मुख्य मार्ग पर कुठियाड़ी एवं नंदपुर के बीच पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सफेदे के पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे में चालक के साथ हेल्पर भी बुरी तरह घायल हो गया।
एंबुलेंस 108 की मदद से उन्हें खंड चिकित्सालय अंब ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया। चालक विरेंद्र पुत्र निरंजन सिंह निवासी नंगल के अनुसार वह तलवाड़ा से आक्सीजन का सिलेंडर भरने को नंगल जा रहा था। कुठियाड़ी के समीप पिकअप का स्टेयरिंग अचानक लॉक हो गया। जिस कारण पिकअप सड़क किनारे सफेदे से टकराकर पलट गई। हादसे में उसका हेल्पर मन्नी पुत्र शमशेर सिंह निवासी निक्कू नंगल भी जख्मी हो गया। अंब थाना ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पिकअप चालक के अनुसार गाड़ी का स्टेयरिंग लॉक हो गया था। जिस कारण यह हादसा हुआ। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।