वीरभद्र सिंह ओकओवर में धूमल से मिले

शिमला : मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से भेंट की। दोनों नेताओं की यह भेंट मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर में हुई जहां पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. धूमल ठहरे हुए थे। दोनों नेताओं ने लगभग 20-25 मिनट तक बातचीत की।
सचिवालय में कर्मचारियों को संबोधित करने से पहले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह धूमल से मिलने ओकओवर गए थे। सरकारी सूत्रों के अनुसार यह एक शिष्टाचार भेंट थी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह छठी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रो. धूमल से मिलने गए थे।

धूमल ने छोड़ा ओकओवर
पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर को खाली कर दिया है। इसके अलावा पूर्व लोक निर्माण मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर ने भी सरकारी कोठी खाली कर दी है। साथ ही अन्य पूर्व मंत्रियों ने भी सरकारी आवासों से अपना-अपना सामान बटोरना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है आगामी 2-3 दिनों के भीतर सभी पूर्व मंत्री सरकारी आवास खाली कर सकते हैं।

सूचना के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर द्वारा खाली किए गए सरकारी आवास में अपना सामान शिफ्ट कर दिया है जबकि गुलाब सिंह ने विधायक आवास की तरफ रुख किया है। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के मंत्रिमंडल में शामिल हुए मंत्री भी जल्द से जल्द सरकारी कोठी की तरफ कूच करने की तैयारियों में हैं। सूत्रों के अनुसार वीरवार तक 2 अन्य पूर्व मंत्री भी सरकारी आवास खाली कर देंगे। जानकारी के अनुसार संबंधित मंत्रियों ने बुधवार तक अपना अधिकांश सामान बटोर लिया था।

Related posts