रोहड़ू में रातभर पेट्रोलिंग करेंगे जवान

रोहडू। नगर में हो रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस ने नगर में गश्त को और अधिक बढ़ा दिया है। अब रोजाना नगर में पुलिस के आधा दर्जन से अधिक जवान एक वाहन के साथ गश्त पर रहेंगे। साथ ही होमगार्ड के जवान नगर में रात भर पेट्रोलिंग भी करेंगे। नगर में बिना पहचान के रहने वाले लोगों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
रोहडू नगर में बढ़ती चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए अब रोजाना रात दस बजे से सुबह छह बजे तक नगर में पुलिस के सात से आठ जवान गश्त पर तैनात रहेंगे। जवानों के पास एक वाहन भी मौजूद रहेगा। इस दौरान पुलिस विभिन्न स्थानों पर नाका भी लगाएगी। पुलिस के अतिरिक्त होमगार्ड के करीब आठ जवान नगर में रात को पेट्रोलिंग करेंगे। रोहडू में बिना किसी पहचान के रह रहे बाहरी राज्यों के लोगों की छानबीन की जाएगी। जिन लोगों के पास पहचान पत्र नहीं होंगे, उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया कि रोहडू नगर में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए योजना तैयार कर ली गई है। नगर में गश्त बढ़ा दी गई है। बाहरी राज्यों से आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखी जाएगी। बिना पहचान रह रहे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गश्त के दौरान जगह-जगह नाके लगाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर किसी अनजान व्यक्ति की गतिविधियां संदेहजनक हों या फिर कोई अपनी पहचान छुपाकर नगर में रह रहा हो तो तुरंत पुलिस को उसकी सूचना दें।

Related posts