
ऊना। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती रामपुर और पंजावर क्षेत्र के ईसपुर में हुए सड़क हादसों में एक महिला सहित तीन लोग जख्मी हो गए हैं। इनमें से दो को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने भी दोनों हादसों के संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर ली है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक रामपुर निवासी महिला सुलोचना देवी पत्नी बिहारी लाल शनिवार सुबह सड़क पार करते हुए एक तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई है। स्थानीय लोगों की मदद से महिला को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया है। दूसरी ओर पंजाब के बागपुर सतौर से पीरनिगाह बैसाखी मेले में भाग लेने आ रहे बाइक सवार युवक ट्रक से जा टकराए। हादसे में दोनों बाइक सवार युवक घायल हो गए हैं। घायलों में से एक गुरप्रीत सिंह पुत्र बलविंद्र सिंह निवासी बागपुर सतौर तहसील एवं जिला होशियारपुर पंजाब बुरी तरह घायल हो गया है, जिसे एंबुलेंस 108 के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया है। जबकि एक अन्य युवक जस्सा को ईसपुर अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। एएसपी राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने हादसे के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है।