
मंडी। नगर परिषद और विभिन्न विभागाें से करोड़ों की लेनदारी के बाद अब बिजली बोर्ड घरेलू उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसने जा रहा है। बिजली बोर्ड को घरेलू उपभोक्ताओं से करीब 94 लाख की राशि वसूल करनी है।इसके लिए बिजली बोर्ड ने उपभोक्ताआें को नोटिस जारी करने के साथ-साथ विद्युत आपूर्ति बंद करनी शुरू कर दी है। अकेले मंडी शहर में उपभोक्ताओं से विद्युत बोर्ड को करीब 60 लाख रुपये किराये के रूप में वसूलने हैं। इसके लिए बिजली बोर्ड ने डिफाल्टराें के कनेक्शन काटने की मुहिम शुरू कर दी है। अब तक मंडी में 208 के करीब कनेक्शन काट दिए गए हैं। मंगलवार को 200 और उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर दिए हैं। सबसे अधिक राशि विद्युत उपमंडल-1 की करीब 60 लाख रुपए बकाया है विद्युत उपमंडल-2 की 14 लाख की वसूली घरेलू उपभोक्ताओं से की जानी है। मंडी में बिजली बोर्ड को घरेलू उपभोक्ताओं से 94 लाख वसूलने शेष हैं। इसी कड़ी में विद्युत उपमंडल-1 की ओर से 134 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं। इनसे 2 लाख 94 हजार की वसूली की जानी है। जबकि डिवीजन नंबर-2 से 74 उपभोक्ताओं को 1 लाख 97 हजार की वसूली के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। मंगलवार को विद्युत विभाग की ओर से 200 और उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। मंडी नगर परिषद से 10 करोड़ की वसूली के लिए विद्युत बोर्ड ने शहर की स्ट्रीट लाइट्स तक काट दी थी। उसी तर्ज पर अब घरेलू उपभोक्ताओं से लाखाें की वसूली केलिए कनेक्शन काटने की मुहिम शुरू हो गई है। इधर, विभाग के अधिशासी अभियंता एके खनोटिया ने बताया कि मंडी शहर में सबसे अधिक 60 लाख की वसूली बकाया है। इसके लिए उपभोक्ताओं को नोटिस के 15 दिन बाद बिजली काटी जा रही है। दोबारा बिजली की बहाली के लिए बिजली बिल के अलावा 40 रुपये अतिरिक्त जमा करवाने होंगे।