भाजपा ने याद किए पार्टी के संस्थापक

रामपुर बुशहर। भाजपा मंडल रामपुर ने पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया। बुशहर सदन में हुए कार्यक्रम में पार्टी संस्थापकों श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीन दयाल उपाध्याय को याद किया गया और कार्यकर्ताओं ने उनके बताए रास्तों पर चलने की कसम खाई।
कार्यक्रम में जिला किन्नौर भाजपा अध्यक्ष सूरत नेगी बतौर मुख्यातिथि शरीक हुए। उन्होंने इस मौके पर कार्यकर्ताओं को एकता का पाठ पढ़ाते हुए संगठन की मजबूती के लिए मिलकर काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि एकजुट होकर काम करने से ही संगठन संगठित और मजबूत होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मंडी सीट पर होने वाले उप चुनाव समेत वर्ष 2014 के लोकसभा के लिए भी तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता यूपीए और प्रदेश कांग्रेस सरकार की जन विरोधी नीतियों को लेकर गांव-गांव जाएंगे और लोगों को इससे अवगत कराएंगे। कार्यक्रम में भाजपा मंडल के अध्यक्ष विजय सिंह बिष्ट, पूर्व प्रत्याशी पीएस द्रैक, रोशन चौधरी, मनोज अग्रवाल, श्याम मेहता, केसी चौहान, चंद्रा भलूनी, ऊषा चौहान, ऊषा मेहता, अनिल चौहान, केवल राम बुशैहरी, श्याम लाल गुप्ता समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related posts