भाजपा ने कम समय में देश को नई दिशा दी

मंडी। भारतीय जनता पार्टी ने अपने अल्पकाल के दौरान ही देश को एक नई दिशा दी है। यह बात मंडी के विश्वकर्मा मंदिर में भाजपा स्थापना के अवसर पर बतौर मुख्यातिथि हिमाचल प्रदेश महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष अंबिका सूद ने कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना छह अप्रैल 1980 को अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में की गई। भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी बने तथा महामंत्री की बागडोर लालकृष्ण आडवाणी के हाथ आई। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विपरीत परिस्थितियों में अपने कार्यकर्ताओं के बल पर संगठन को मजबूत करते हुए कई नए आयाम छुए। 1984 में जिस भाजपा के खाते में मात्र दो सीटें नसीब हुई थीं। उसी भाजपा ने 1996 में 182 सीटें लेकर केंद्र में अपने सहयोगी दलों के साथ सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्रीत्व काल को विश्व ने सुनहरे अक्षरों से लिखा है। भाजपा की दृढ़ इच्छा शक्ति और नेतृत्व की क्षमता को सही साबित करते हुए पोखरन परमाणू विस्फोट करके विश्व को एहसास करवाया कि भारत कोई कमजोर नहीं, बल्कि विभिन्न धर्मों के लोगों का शक्तिशाली देश है। देश के बड़े राज्यों में भाजपा की सरकारें बेहतरीन काम कर रही हैं तथा पूरे देश के लिए भाजपा शासित गुजरात सरकार और मध्यप्रदेश सरकार विकास का माडल बनकर सामने आई है। उन्होंने कहा कि 33 साल की भाजपा अब शक्तिशाली होकर 2014 में लोकसभा में पूर्ण बहुमत हासिल कर केंद्र में अपने कार्यकर्ताओं और देशवासियों के बल पर सरकार बनाएगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को 2014 के लोकसभा चुनावों के लिए तैयार रहने और लोगों के बीच में जाने को भी कहा। इससे पूर्व सदर मंडल भाजपा अध्यक्ष डीडी ठाकुर ने कहा कि सदर भाजपा लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को चारों खाने चीत करेगी। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ सदस्य वेद प्रकाश मित्तल, मियां गजपाल सिंह मंडयाल, ललित शर्मा, प्रह्लाद गुलेरिया, अवनिंद्र सिंह, केसी शर्मा, रणजीत सिंह वर्मा, हेम सिंह परमार, डा. राजू, नंद लाल व वेद प्रकाश कपूर को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा सचिव पायल वैद्य, सदर भाजपा महामंत्री रामलाल शर्मा, दीपक गुलेरिया, पूर्व मंडलाध्यक्ष चेतन शर्मा व अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।

Related posts