ल्द्वानी। नैनीताल जिले के कई हिस्सों में बुधवार को बरसात और ओलावृष्टि के बाद गुरुवार को फिर से बूंदाबांदी होने से लोगों को राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शुक्रवार को तापमान में गिरावट रहेगी। हल्द्वानी एवं पर्वतीय इलाकों में बूंदाबांदी होने की संभावना है।
पिछले एक महीने से रिकार्ड गर्मी पड़ रही है। गुरुवार को गर्मी का एहसास कम हुआ। अपराह्न में पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में 3.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली। हवा का दबाव कम होने से कई इलाकों में धूल भरी आंधी चली। खासकर, जिन इलाकों में फसल कटने के बाद खेत खाली हैं वहां धूल मिट्टी का गुबार आसमान में उड़ता नजर आया।
शाम को बूंदाबांदी होने से मौसम में ठंडक आ गई। हल्द्वानी में कई इलाकों में बूंदाबांदी होने से सड़कें भीग गई। बच्चे बरसात की बूंदों में मस्ती करते नजर आए। पंतनगर विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एचएस कुशवाहा के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह आद्रता 62 और दोपहर बाद 28 फीसदी रही। डा. एचएस कुशवाहा ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा। सुबह आसमान में बादल छाए रहेंगे और जबकि दोपहर बाद मौसम साफ रहेगा। हल्द्वानी एवं पहाड़ में बूंदाबांदी होने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में तापमान में कोई बदलाव नहीं रहेगा।