
रामपुर बुशहर। विभागों में बिना स्टाफ लोगों के कामकाज नहीं हो पा रहे हैं। यहां हर विभाग में स्टाफ का अभाव है। एक कार्य के लिए लोगों को दफ्तरों के कई चक्कर काटने के बाद लंबा इंतजार करना पड़ता है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने कांग्रेस सरकार से रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने की मांग की है। सबसे अधिक रिक्त पद स्वास्थ्य विभाग में हैं। रामपुर-ननखड़ी स्वास्थ्य महकमे में चिकित्सकों समेत सहयोगी स्टाफ के करीब 114 पद खाली हैं। इसी तरह आईपीएच, विद्युत या फिर सिविल सप्लाई और लोक निर्माण विभाग में भी स्टाफ की कमी है। कई-कई पद खाली होने से जहां मौजूदा स्टाफ को परेशानी झेलनी पड़ रही है वहीं लोग भी कम परेशान नहीं हैं। स्टाफ की कमी के कारण उनके कार्य कई-कई दिन तक हो नहीं हो पाते हैं। स्टाफ की सबसे अधिक समस्या इस समय ननखड़ी ब्लाक में है। ननखड़ी ब्लाक कार्यालय समेत अन्य विभागों में कर्मचारियों और अधिकारियों के पद खाली होने से खासकर दूरदराज की पंचायतों के लोगों को परेशानी होती है। पंचायत समिति रामपुर के उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, ननखड़ी समिति के उपाध्यक्ष राजीव ठाकुर, समिति सदस्य मनोज शर्मा, ननखड़ी के प्रधान देवेंद्र ठाकुर, दिनेश ठाकुर, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष आत्मा राम कैदारटा ने सरकार से खाली पदों को भरने की मांग की है। एसडीएम केआर सेहजल ने कहा कि सभी विभागों से खाली पदों की डिटेल मांगी गई है और इसे सरकार को भेजा जाएगा। बीते दिनों बैठक में अधिकारियों ने स्टाफ की कमी को विधायक नंदलाल के सामने भी रखा था।