बिना आधार कार्ड बनाए लौट गए घर

रामपुर बुशहर। बीडीओ कार्यालय रामपुर में शनिवार को आधार कार्ड बनाने का काम शुरू हुआ। रामपुर में आधार कार्ड बनने की खबर सुनकर बीडीओ कार्यालय में सुबह से ही लोगों का जमावड़ा लग गया। लेकिन, पहले ही दिन उनको अव्यवस्था का शिकार होना पड़ा। आधार कार्ड बनाने वाली टीम यहां दोपहर बाद एक बजे पहुंची। अधिकतर लोग कार्ड बनाए बिना ही घर लौट गए।
रामपुर में सैकड़ों लोग आधार कार्ड बनवाने से वंचित रहे हैं। सबके आधार कार्ड बनें, इसलिए आधार कार्ड बनाने वाली कंपनी ने दूसरी बार रामपुर में कार्ड बनाने का काम शुरू किया है। दूसरी बार आधार कार्ड बनाने के संदर्भ में व्यापक प्रचार प्रसार करने पर शनिवार को बीडीओ कार्यालय में आधार कार्ड बनवाने को बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सुबह ही कार्यालय के बाहर लोग जुटने लग गए, लेकिन पहले ही दिन लोग यहां अव्यवस्था के शिकार हो गए। दरअसल, आधार कार्ड बनाने वाली टीम यहां दोपहर बाद करीब एक बजे पहुंची। इसके चलते सुबह से इंतजार कर रहे कई लोग तो बिना कार्ड बनवाए ही वापस चले गए। अपना कार्ड बनवाने यहां पहुंचे योगिंद्र शर्मा, इंद्र दत्त शर्मा तथा अरुण रस्तोगी ने कहा कि पहले तो उनको फार्म ही नहीं दिए गए। जब फार्म मिले तो पता चला कि अभी टीम ही नहीं पहुंची है। सुबह से इंतजार करने पर टीम एक बजे पहुंची तो फिर कुछ ही लोगों के कार्ड बनाए गए। टीम के समय पर न पहुंचने के कारण कई लोग बिना कार्ड बनाए घर चले गए। उन्होंने बेहतर इंतजाम करने की मांग की है, जिससे लोगों को परेशानी न हो।

Related posts