
भरमौर (चंबा)। उपमंडल में बारिश और बर्फबारी होने का क्रम जारी है। शुक्रवार को भी उपमंडल में हिमपात हुआ था। शाम को हिमपात रुक गया। लेकिन, शनिवार सुबह फिर से हिमपात शुरू हो गया है। भरमौर उपमंडल की कुगति जोत, चोबिया, मणिमहेश तथा क्वारसी जोत में हिमपात होने का क्रम जारी है। लोक निर्माण विभाग की दिक्कतें फिर बढ़ गईं हैं। बर्फबारी के बाद आधा दर्जन रूट बाधित हो गए हैं। बर्फ गिरने से भरमौर-हरछू, भरमौर-चौबिया, भरमौर-सूपा और भरमौर हड़सर सहित करीब आधा दर्जन मार्ग बाधित हो गए हैं। ग्रामीणों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानी हो रही है। बसें न जाने के कारण सवारियों को पैदल ही गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। ज्ञान चंद, राकेश कुमार तथा संतोष कुमार ने बताया कि उपमंडल में बारिश और बर्फबारी से फिर दिक्कतें बढ़ गई हैं। आधा दर्जन रूटों पर निगम की बसें भी नहीं पहुंच पाईं। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। एसडीओ अरविंद भारद्वाज ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों को मार्ग को खोलने के लिए भेज दिया गया है। जल्द अवरुद्ध मार्गों को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।