बारिश के लिए पहुंचे शिखरंडू महादेव मंदिर

डंसा (शिमला)। सूखे की मार झेल रहे नोगवैली क्षेत्र की महिलाओं ने शिखरंडू महादेव से बारिश की गुहार लगाई है। साढ़े नौ हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित शिखरंडू महादेव मंदिर पहुंचने के लिए रविवार को महिलाओं ने कई किमी पैदल यात्रा की। महिलाओं ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही मनोकामना पूरी होगी। लगातार बढ़ती गरमी से इन दिनों पूरा प्रदेश झुलस रहा है। वहीं, रामपुर के नोगवैली क्षेत्र में भी इन दिनों जबरदस्त गरमी पड़ रही है। भयंकर गरमी से जहां सेब समेत अन्य फसलों पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है, वहीं प्राकृतिक जलस्रोत भी सूखने के कगार पर पहुंच चुके हैं। इससे वैली के लोगों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। गरमी से फसलें खराब होतीं देख और लगातार बढ़ते जल संकट से चिंतित यहां की महिलाएं देवी-देवताओं की शरण में जा पहुंची हैं। रविवार को यहां की महिलाएं कई किमी पैदल यात्रा कर साढ़े नौ हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित शिखरंडू महादेव के मंदिर पहुंची और उनसे बारिश की गुहार लगाई। महिला मंडल की प्रधान नीता नेगी ने बताया कि जब भी क्षेत्र के भीतर सूखा पड़ता है, तो महिलाएं शिखरंडू महादेव से पानी की मन्नत मांगती हैं। हर बार मन्नत पूरी होती है और इस बार भी उन्हें इसकी पूरी उम्मीद है। उन्होंने बताया कि उनके साथ शिखरंडू महादेव के पास पानी मांगने तीन दर्जन महिलाओं समेत करीब एक दर्जन पुरुष भी आए थे।

Related posts