बाजार में आई पहाड़ी सब्जी, दाम गिरे

नाहन (सिरमौर)। शहर में पिछले कुछ दिन सब्जी के दामों में काफी गिरावट आई है। यह गिरावट एकाएक राहत देने वाली है। गृहिणियां इससे काफी प्रसन्न है। इसके साथ ही आम आदमी के घर में भी सब्जी बनने लगी है। इससे पूर्व शहर में सब्जी के दाम काफी हद तक बढ़े हुए थे। गृहिणी सरिता, रुकमणि, सुमन, शांति देवी, आशा, संतोष और मीरा शर्मा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह तक सब्जी के दामों में काफी तेजी दर्ज की गई थी। अब दाम सामान्य होने से उन्हें काफी राहत महसूस हुई है। बाजार में इस समय फूल गोभी, बंदगोभी, गाजर, आलू, मूली और टमाटर 10 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहे हैं। जबकि मटर के दाम 20 रुपये प्रति किलो है। लोग बाजार से सब्जी का थैला भरकर घर ले जा रहे हैं। उधर, शहर सब्जी विक्रेता उजागर सिंह, पुरुषोत्तम, शंभू और दिनेश ने बताया कि बाजार में लोकल सब्जी के आने से यह गिरावट आई है। इससे पूर्व उन्हें बाहरी राज्यों से सब्जी को मंगवाकर बेचना पड़ रहा था। अब बाजार में पहाड़ी सब्जी आने से दाम के सामान्य रहने की उम्मीद है।

Related posts