बस दुर्घटनाग्रस्त, 27 यात्री घायल

मंडी। सरकाघाट-दुर्गापुर-मंडी मार्ग पर मंगलवार को एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कुल 27 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे क्षेत्रीय अस्पताल मंडी से चिकित्सकों ने पीजीआई रेफर किया है, जबकि अन्य घायलाें का क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे सरकाघाट-दुर्गापुर-मंडी मार्ग पर दरव्यास में घटी। दुर्घटनाग्रस्त निजी बस दुर्गापुर से मंडी की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही बस दुर्गापुर से चार किलोमीटर आगे दरव्यास पहुंची, बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से 50 फुट नीचे एक घर के ऊपर जा गिरी। हादसे के समय बस में 27 सवारियां सफर कर रही थीं। सभी को ग्रामीणाें और पुलिस के सहयोग से क्षेत्रीय अस्पताल मंडी ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर रिवालसर पुलिस चौकी से दल घटनास्थल पर पहुंचा। घायलाें की ओर से पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार बस चालक तेज गति से गाड़ी चला रहा था। इस कारण बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई है। पुलिस ने घायलाें के बयान पर तेज गति से गाड़ी चलाने पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे में चालक और परिचालक भी घायल हो गए हैं। पुलिस उनके बयान नहीं ले पाई है। डीएसपी मंडी आशीष शर्मा ने बताया कि बस अनियंत्रित होने से दुर्घटना हुई है। हादसे में सवार सभी 27 लोग घायल हो गए हैं। जिनका क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में उपचार चल रहा है। घायलाें के बयान पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उधर, चिकित्सा अधीक्षक जोनल अस्पताल मंडी चेतराम वर्मा ने बताया कि सोहन लाल नाम के व्यक्ति को पीजीआई रेफर किया गया है। अन्य घायलाें का क्षेत्रीय अस्पताल में ही उपचार चल रहा है।
बाक्स
हादसे में घायलों की सूची
घायलों में राकेश कुमार(दरव्यास), सुमन (दरव्यास), हरी प्रकाश (मराथू), दुनी चंद (कोठी गैहरी), जसवंत (दरव्यास), रोमा (मराथू), दिनेश (दरव्यास), बाबी (बनेड़ बैजनाथ), पप्पू (बैजनाथ), डूमणा (बैजनाथ), सोहन लाल(दरव्यास), जगदीश (हलोग), हेमचंद (बल्हण), द्रोमति (दरव्यास), प्रवीण (नलहोग), भावुक (दरव्यास), आशा (दरव्यास), सरला (चरनोली सरकाघाट), जीत राम (मराथू), बालक राम (बलहण), विजय (कनैना), अमृत लाल (जनहन गैहरा), सुनील (कटौला), हिमांशु (दरव्यास), खेम चंद (मझेड़), यादविंद्र (नलहोग), निशु (बैजनाथ) आदि शामिल हैं।

Related posts