बस के साथ टक्कर में स्कूटी चालक की मौत

मंडी। बल्हघाटी के चक्कर में परिवहन निगम की बस तथा स्कूटी की टक्कर में स्कूटी चालक की मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और यहां बीबीएमबी सुंदरनगर में कार्य करता था। वहीं परिवहन निगम की बस रिकांगपिओ डिपो की बताई जा रही है। इसमें किन्नौर से बच्चाें का ट्रिप मनाली घूमने जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
घटना शनिवार देर सायं चक्कर के पास हुई। मृतक की पहचान रामदेव यादव (43) पुत्र राम समूजा निवासी तलवाड़ा डाकघर सुकाहा तहसील हैदरगढ़ जिला बाराबंकी (यूपी) है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक स्कूटी में सवार होकर मंडी से सुंदरनगर की तरफ जा रहा था कि चक्कर में होटल वैली व्यू के समीप बस के साथ उसकी स्कूटी की टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अचेत हालत में ही उसे जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक घटना स्कूटी के ओवर स्पीड में होने की वजह से हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस थाना बल्ह के कार्यवाहक एसएचओ ओम राज ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना की गहनता से छानबीन की जा रही है।

Related posts