प्राथमिकता पर बनेगा बैरीदड़ोला पुल

बिलासपुर। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि बिलासपुर जिला के विकास में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। इसके लिए धन की कमी आड़े नहीं आएगी। कांग्रेस के पिछले कार्यकाल में शुरू किए गए जिन कार्यों को पूर्व सरकार ने ठंडे बस्ते में डाल दिया था उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
सोमवार को चांदपुर में पूर्व विधायक एवं कांग्रेस सेवादल के जिला मुख्य संगठक तिलक राज शर्मा की अगुवाई में लोगों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का स्वागत किया। वहां रुकने का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम न होने के बावजूद मुख्यमंत्री न केवल वहां कुछ समय ठहरे, बल्कि माइक के बगैर ही जनसभा भी संबोधित की। इस दौरान तिलक राज शर्मा ने बैरीदड़ोला पुल और भाखड़ा विस्थापितों के लिए दो नए सेक्टरों का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। वहां उमडे़ समर्थकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र ने कहा कि कई योजनाओं के कार्य रुके हैं जिन्हें जल्द शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया हैं। कांग्रेस का ध्येय हमेशा ही प्रत्येक वर्ग का एक समान विकास करना रहा है। हिमाचल प्रदेश के लिए भाखड़ा डैम, पौंग डैम, ब्यास लिंक जैसी बड़ी परियोजनाएं शुरू की गई थीं जिसमें हजारों लोगों को रोजगार मिला है। कहा कि पन बिजली परियोजनाओं का दोहन करके लाखों लोगों को रोजगार मुहैया करवाए गए थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि भाखड़ा डैम का पानी राजस्थान तक पहुंचा है जिससे प्रदेश सहित पूरे देश में फसलें लहलहा रही हैं। कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश के लोगों की समृद्धि के लिए कई विकास योजनाएं लागू की जा रही हैं जिससे प्रदेश का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित हुआ है। पिछले कांग्रेस के कार्यकाल में बिलासपुर के भाखड़ा विस्थापितों के ऋण माफ कर जहां वे रह रहे थे उन्हें उसी स्थान पर पुनर्वास कर स्थापित किया। भाखड़ा विस्थापितों के लिए जो दो सेक्टरों के चयन की प्रक्रिया चलाई गई थी उसे जल्द पुन: शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने बैरीदड़ोला पुल के साथ ही दो नए सेक्टरों की आधारशिला भी रखी थी, लेकिन पूर्व सरकार ने उन्हें ठंडे बस्ते में डाल दिया। अब कांग्रेस सरकार इन दोनों कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराएगी। इसके साथ ही बिलासपुर जिला में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

Related posts