पुलिस कर्मियों और युवकों में मारपीट

गरुड़। व्यस्तम गरुड़ बाजार में ट्रैफिक कंट्रोल के दौरान दो युवकों और पुलिस कर्मियों में जमकर मारपीट हो गई। पुलिस और युवकों को लड़ते देख कर घटना स्थल पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। जिससे यातायात व्यवस्था कुछ देर तक प्रभावित रही। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी है। पुलिस उनकी तलाश में है।
थाना बैजनाथ पुलिस के अनुसार पुलिस कांस्टेबल तारा सिंह और रमेश सिंह जीना रविवार को गरुड़ बाजार में ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात थे। ट्रैफिक नियंत्रण करने के दौरान किसन सिंह बोरा पुत्र गोविंद सिंह बोरा निवासी देवनाई और एक अन्य युवक की पुलिस कांस्टेबल तारा सिंह और रमेश सिंह जीना के साथ कुछ देर तक कहासुनी हुई। कहासुनी बाद में हाथापाई में बदल गई। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष हरीश चंद्र जोशी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके आने के बाद विवाद शांत हुआ। मौका देखकर दोनों युवक घटना स्थल से फरार हो गए। पुलिस कांस्टेबल रमेश सिंह जीना ने देवनाई के दोनों युवकों के खिलाफ थाना बैजनाथ में प्राथमिकी दर्ज करा दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ 323 तथा 332 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दूसरे युवक का नाम पता लगाने में पुलिस जुट गई है। नामजद किसन सिंह ने बताया कि पुलिस कर्मियों ने सबसे पहले उनके साथ मारपीट की।

Related posts